बाराबंकी। जैदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेल रहे एक मासूम को तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वाहन ने कुचल दिया। गंभीर अवस्था में परिजन आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जैदपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी राखमऊ निवासी रामगोपाल का पांच वर्षीय पुत्र अंशू गांव के रास्ते में खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन बच्चे को मरणासन्न हालत में सीएचसी जैदपुर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की सूचना मिलते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है।




