विभिन्न हादसों में वृद्धा सहित तीन की मौत, एक गंभीर
बाराबंकी। जहांगीराबाद, देवा एवं रामसनेहीघाट थाना क्षेत्रों में हुए विभिन्न हादसों में एक मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को स्वजनों ने निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मंझपुरवा निवासी सुरेश गौतम का 12 वर्षीय पुत्र शुभम जहांगीराबाद मंगलवार की शाम लगभग 6.30 बजे अपने दवाई लेने गया था। जहां से वापस आते समय जीआईटी के पास जहांगीराबाद की ओर जा रहे तेज रफ्तार हाफ डाला ने साइकिल सवार बालक को रौंद दिया। हादसे में मरणासन्न बालक को जहांगीराबाद पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से दिव्यांग मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाइक सवार वृद्ध की हादसे में मौतः कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम धौकलपुर मजरे असेनी निवासी 66 वर्षीय रामशंकर अपने 20 वर्षीय बेटे आदित्य के साथ मोटरसाइकिल से मंगलवार की दोपहर कुर्सी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुर्सी रोड पर खेलवी के पास अज्ञात वाहन ने मोटर साइकिल में ठोकर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। देवा पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्तपाल भेजा, जहां राम शंकर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल आदित्य को चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन स्वजनों ने उसे सफेदाबाद स्थित हिद अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार चल रहा है।
वृद्धा की हादसे में मौतः रामसनेहीघाट थाना के ग्राम मोहम्मदपुर कीरत निवासी राम भरत अपनी 60 वर्षीय पत्नी शांति देवी को साइकिल से लेकर मंगलवार की शाम पांच बजे अयोध्या के हलीमनगर में अपने साढ़ू पवन कुमार के घर जा रहे थे। इसी दौरान भिटरिया के पुराने हाईवे पर रानीमऊ के पास तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल में पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। जिससे साइकिल पर बैठी शांती रोड पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घायला अवस्था में शांति को सीएचसी बनीकोडर में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।