बाराबंकी। एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) बाराबंकी ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दो सक्रिय तस्करी के आरोपियों को दबोचकर उनके पास से 2 किलो 40 ग्राम अवैध अमेरिकन (OG/AG) गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब ₹2 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जबकि अंतर्राष्ट्रीय कीमत 12 करोड़ रूपए आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्विफ्ट कार, एक एप्पल आईफोन और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
यह ऑपरेशन पुलिस महानिदेशक, एडीजी (कानून-व्यवस्था) और एडीजी (अपराध) के मार्गदर्शन में तथा आईजी एएनटीएफ लखनऊ के निर्देशन और एसपी (ऑपरेशन) एएनटीएफ लखनऊ की निगरानी में किया गया।
प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं दोनों आरोपी: गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतापगढ़ जिले के थाना कंधई अंतर्गत ग्राम करमाही निवासी सूरज सिंह पुत्र प्रमोद सिंह व थाना बाघराय के करमाही गांव निवासी सत्यम सिंह पुत्र जितेन्द्र बहादुर सिंह को 6 नवम्बर 2025 को यादव चौराहा से आगे सर्विस रोड, थाना मड़ियांव (लखनऊ) से पकड़ा गया था। इनके खिलाफ थाना मड़ियांव में NDPS एक्ट तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला की आरोपी 14 से 15 बार गांजे की तस्करी कर चुके हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें यह गांजा लखनऊ में रहने वाले एक व्यक्ति से मिलता है, और अलग-अलग जिलों में सप्लाई कर चुके हैं। स्वीफ्ट कार से दोनों होम डिलीवरी करते थे।
ऑर्गेनिक गांजा सामान्य गांजे से कई गुना महंगा होता है। इसका असर भी ज्यादा तेज होता है, इसी वजह से इसकी मांग और मुनाफा दोनों अधिक हैं।
अधिकारियों की सराहना: वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने एएनटीएफ टीम की तत्परता की सराहना की है। नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और कार्रवाई के लिए टीम काम कर रही है।