बाराबंकी। एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बाराबंकी ने मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 90 किलो 70 ग्राम अवैध गांजा जिसकी अंतर्राष्ट्रीय कीमत लगभग 45-50 लाख रुपये बताई जा रही है, एक मोटरसाइकिल (बुलेट), चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन व एक RuPay एटीएम कार्ड बरामद किया गया।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, एडीजी कानून-व्यवस्था, एडीजी अपराध एवं पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ लखनऊ के निर्देशन में गिरफ्तार हुए तस्करी के आरोपितों की पहचान राहुल सिंह पुत्र समर बहादुर सिंह निवासी ग्राम मेढ़ा थाना खुटहन जौनपुर, शनि सिंह पुत्र शोभनाथ सिंह, निवासी ग्राम कपूरपुर थाना तेजीबाजार, जौनपुर, सत्यप्रकाश सिंह उर्फ डब्लू पुत्र अशोक सिंह, निवासी ग्राम खैरपारा थाना तेजीबाजार, जौनपुर के रूप में हुई। आरोपितों को टीम ने 20 अगस्त की रात लगभग नौ बजे विद्यावती मैरिज लॉन के सामने, एनएच-731, वाराणसी-लखनऊ मार्ग, ग्राम सुल्तानपुर थाना बदलापुर, जौनपुर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे तीनों साझेदारी में गांजे की खरीद-फरोख्त करते हैं। सस्ते दाम पर गांजा खरीदकर ग्राहकों को ऊंचे दाम पर बेचते हैं और मुनाफे को आपस में बांटकर खर्च करते हैं।
गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ थाना बदलापुर जनपद जौनपुर में मु.अ.सं. 340/2025 धारा 8/20/29/60 NDPS एक्ट, 1985 में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।