बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर शनिवार सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार छात्र को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बीबीडी कॉलेज में बीसीए का छात्र था। वहीं एक अन्य मामले में निजी अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला गुलरिया गार्दा निवासी 21 वर्षीय प्रभाकर निगम अपनी मां दीपमाला के साथ ननिहाल में रहते थे। प्रभाकर बीबीडी कॉलेज में बीसीए की पढ़ाई कर रहे थे। शनिवार सुबह वह स्कूटी से कॉलेज जा रहे थे। जैसे ही वह मोहम्मदपुर पुलिस चौकी के सामने पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गई।
टक्कर लगते ही प्रभाकर सड़क पर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
अयोध्या के घायल वृद्ध की उपचार दौरान मौत: अयोध्या जिले के थाना मवई अंतर्गत ग्राम करौंदी निवासी 65 वर्षीय शत्रोहन 07 अक्टूबर की साईकिल से न्योरा रोड पर तिवारीपुरवा चौराहा पर गए थे। जहां अज्ञात बाइक सवार युवक ने शत्रोहन की साइकिल में ठोकर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल शत्रोहन को परिजन रामसनेहीघाट में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। जिसके बाद परिजन घायल वृद्ध को लेकर सफेदाबाद के हिंद अस्पताल में भर्ती कराया जहां शुक्रवार की शाम मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।