बाराबंकी। एक धात्री मां को बेटी होने पर सरकारी सहायता राशि दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने महिला के बैंक खाते से 63,994 रुपये निकाल लिए। ठगों ने खुद को आईसीडीएस विभाग का अधिकारी बताकर महिला को भरोसे में लिया और व्हाट्सएप पर फार्म भेजकर लिंक पर क्लिक कराया। मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर के मुनेश्वर विहार कालोनी निवासी कविता वर्मा के मोबाइल पर सात अगस्त की शाम करीब 6:15 बजे अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को लखनऊ स्थित आईसीडीएस विभाग का अधिकारी बताया। उसने कहा कि बेटी होने पर सरकार की ओर से सहायता राशि उनके बैंक खाते में भेजी जानी है। इसके बाद कथित आशा कार्यकर्ता से भी कविता की फोन पर बात कराई गई।
ठग ने कविता के व्हाट्सएप पर एक फार्म भेजा, जिसमें उनका और उनके पति का नाम पहले से दर्ज था। फार्म भरने के बाद दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से तीन बार में कुल 63,994 रुपये निकल गए। मोबाइल पर बैंक का मैसेज आने के बाद उन्हें ठगी का पता चला।
पीड़िता ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर थाने और कोतवाली नगर में सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया। नगर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।