बाराबंकी। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने डायग्नोस्टिक सेंटर के पंजीकरण के लिए पैसा मांगने के वायरल विडियो पर शुक्रवार की शाम डिप्टी सीएमओ डॉ.राजीव दीक्षित को निलंबित कर दिया है। इसी के साथ खराब पर्यवेक्षण के कारण मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अवधेश कुमार यादव पर भी विभागीय कार्रवाई के निर्देश प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को दिए हैं।
यह जानकारी उप मुख्यमंत्री श्री पाठक ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर दी है। डिप्टी सीएम ने बताया कि बाराबंकी डीएम ने सोशल मीडिया पर वायरल एक विडियो को लेकर एक रिपोर्ट प्रेषित की थी। जिसमें डिप्टी सीएमओ ने डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रमाण पत्र जारी करने के लिए धनराशि की मांग कर रहे है। जिसे गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के अनुसार कुछ समय पहले पीसीपीएनडीटी के डिप्टी सीएमओ डॉ.राजीव दीक्षित का सोशल मीडिया पर एक विडियो वायरल हुआ था। डायग्नोस्टिक सेंटर के पंजीकरण को लेकर पैसों की मांग की जा रही थी। डीएम ने वीडियो की जांच आईएएस सीडीओ अन्ना सुदन से कराई गई थी। वीडियो के सही होने पर शासन को संदर्भित किया गया था।