प्रयागराज। यूपी STF प्रयागराज टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। टीम को खुफिया सूचना मिली थी कि कई हत्याओं में वांछित कुख्यात माफिया अपराधी आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह, निवासी जे.सी. मल्लिक रोड, धनबाद (झारखंड), अपने एक साथी के साथ प्रयागराज में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर STF प्रयागराज टीम ने शंकरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित शिवराजपुर चौराहा के पास घेराबंदी की। पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश करते ही माफिया आशीष रंजन ने AK-47 और 9MM पिस्टल से पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
इस अचानक हमले में STF प्रयागराज के तीन अधिकारी/कर्मचारी — जेपी राय, प्रभंजन और रोहित बाल-बाल बचे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें माफिया आशीष रंजन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया।
मौके से बरामदगी: AK-47 राइफल , 9MM पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा और खोखा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई।
घटनास्थल पर बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। STF इस बात की भी जांच कर रही है कि प्रयागराज में आखिर कौन सी वारदात को अंजाम देने की तैयारी थी।