बाराबंकी। श्रीरामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज की घटना के मामले में आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार ने गुरुवार को अपनी अंतरिम जांच रिपोर्ट डीजीपी राजीव कृष्ण को सौंप दी है। जांच में गदिया पुलिस चौकी के प्रभारी गर्जेंद्र सिंह, सिपाही पवन यादव, विनोद यादव और सौरभ सिंह को दोषी पाया गया है।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) अर्पित विजयवर्गीय ने आरोपित सबइंस्पेक्टर गर्जेंद्र सिंह, सिपाही पवन यादव, विनोद यादव और सौरभ सिंह को निलंबित कर दिया है। इससे पहले इस मामले में सीओ सिटी हर्षित चौहान, इंस्पेक्टर आरके राना, चौकी प्रभारी व सिपाही विनोद यादव को हटाया जा चुका था।
दूसरी ओर, तहसीलदार कोर्ट ने एक विवादित मामले में बिना पक्ष सुने फैसला सुनाया है। संस्थान की ओर से संबंधित जमीन के विनिमय के लिए नौ महीने पहले आवेदन किया गया था, जिस पर सुनवाई अभी पेंडिंग है। इस मामले में डीएस ओझा ने सुनवाई की मांग की है, जिसकी अगली तारीख 19 सितंबर निर्धारित की गई है।
एसआरएमयू के चेयरमैन एवं चांसलर पंकज अग्रवाल ने मामले में जांच प्रक्रिया और कानूनी कार्रवाई पर ध्यान देने की बात कही है।