दम्पति, बेटे और बेटी की गई जान, सात वर्षीय बच्ची गंभीर घायल, कार काटकर निकाले गए सभी लोग
बाराबंकी। बाराबंकी-गोंडा मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मसौली थाना क्षेत्र में बिंदौरा के पास भुलभुलिया गांव के निकट कार और तेज रफ्तार डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दम्पति, उनके बेटे और बेटी की मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के मूल निवासी मौलाना शरीफ (60) वर्तमान में श्रावस्ती जिले के भिनगा में परिवार के साथ रहते थे। वह भिनगा स्थित एक मदरसे में पढ़ाते थे। मंगलवार को मौलाना शरीफ अपनी पत्नी तबस्सुम बानो (55), पुत्र सुहैम (24), पुत्री रुश्दा खातून (17) और सात वर्षीय हुदा के साथ कार से लखनऊ की ओर जा रहे थे।
तेज रफ्तार डंपर ने कार में मारी टक्कर
कार जैसे ही बाराबंकी-गोंडा मार्ग पर मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा के पास भुलभुलिया गांव पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
कटर से कार काटकर निकाले गए लोग
हादसे की सूचना मिलते ही मसौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल बड़ागांव सीएचसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मौलाना शरीफ, उनकी पत्नी तबस्सुम, बेटे सुहैम और बेटी रुश्दा को मृत घोषित कर दिया। सात वर्षीय हुदा की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
प्रभारी थानाध्यक्ष मसौली अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।