घरेलू नौकर ने 10 लाख के जेवरात चोरी कर बेचे, नामजद
बाराबंकी। घर में काम करने वाले नौकर ने ही पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के भाई के घर में लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी करने के बाद आरोपी ने जेवरात दूसरे के हाथ बेच दिए। पुलिस ने तहरीर पर आरोपी नौकर और खरीदने वाले पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर के मुहल्ला सरावगी रसूलपुर निवासी नगर पालिका नवाबगंज के पूर्व अध्यक्ष के भाई राजकुमार के पुत्र नीलमणी के घर पर सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना के पारा निवासी निगम शुक्ला काम करता था। 31 जुलाई 2025 को नीलमणी के घर से करीब आठ से 10 लाख कीमत के जेवरात चोरी करके निगम शुक्ला ने अनुज कश्यप के हाथों बेच दिया। जानकारी पर जब नीलमणी ने निगम शुक्ला से पूछताछ की तो उसने चोरी व बेचना स्वीकार किया है, जिसके बाद पीड़ित ने दो अगस्त 2025 को कोतवाली नगर में आरोपित के खिलाफ नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। नगर कोतवाल आरके राना ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।