मृतका के मां ने दहेज के लिए पति पर लगाया पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप
मृतका के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा
बाराबंकी। टिकैतनगर क्षेत्र में एक विवाहिता की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की मां ने दहेज के लिए बेटी की पीट-पीट कर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति पर मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
टिकैतनगर के मोहल्ला नूरवाफ निवासी मनोज की 26 वर्षीय पत्नी संगीता उर्फ ननका की मंगलवार की दोपहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मृतका की मां विंध्या ने देवी बेटी का शव देखा तो चीखने चिल्लाने लगी। मृतका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान होना बताया जा रहा है। जिससे मायके पक्ष ने संगीता की पीट-पीट कर हत्या करने आशंका जताई है। मृतका की मां ने टिकैतनगर थाने में तहरीर देकर पति मनोज पर दहेज के लिए पीट-पीट कर हत्या कर आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। मायके पक्ष के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेज दिया।
दो दिन पहले भी हुई थी संगीता की पिटाई: मृतका की मां ने बताया कि उसका दामाद अक्सर उसकी बेटी को दहेज में बाइक और टीवी न मिलने पर प्रताड़ित करते हुए मारता पीटता था। रविवार को भी उसकी बेटी की पिटाई की गई थी, जिसके बारे में संगीता ने फोन पर उसे बताया था। वादी के अनुसार सोमवार को वह अपने बेटी की ससुराल आई थी। फिर दोनों को समझा कर वापस चली गई थी। आरोप है कि मंगलवार को जब बेटी संगीता से बात करने के लिए मनोज को फोन किया तो उसने बात नहीं कराई। कुछ देर बाद मौत होने की सूचना आरोपी ने दी।