- दो दिन बाद विदेश भागने की फिराक में था युवक, पुलिस ने हाईवे से दबोचा
बाराबंकी। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने दरियाबाद थाना क्षेत्र के जेठौती कुर्मियान गांव निवासी युवक पर फर्जी नाम बताकर दोस्ती करने, घर में आना-जाना बढ़ाने, जबरन संबंध बनाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की इंटरनेट मीडिया पर फैसल नामक युवक से दोस्ती हुई। फैसल ने अपना नाम छिपाकर महिला को अपना परिचय दीपक बताया। धीरे-धीरे दोनों की मुलाकातें होने लगीं और फैसल महिला के घर भी आने-जाने लगा। बाद में जब महिला को उसके धर्म पर शक हुआ तो उसने सच्चाई की जानकारी की।
इसी दौरान फैसल ने महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू किया। विरोध करने पर उसने धमकी दी कि “तुम्हारा वीडियो है, इसे वायरल कर देंगे।” महिला ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर देकर जबरन संबंध बनाने, धर्म परिवर्तन का दबाव डालने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया।
विदेश भागने की फिराक में था फैसल: जानकारी के अनुसार, फैसल दो दिन बाद विदेश जाने की तैयारी में था। उसका वीजा और टिकट तैयार था। पुलिस को इस बात की सूचना मिली और सक्रियता दिखाते हुए उसे मुरारपुर के निकट हाईवे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई: क्षेत्राधिकारी जटाशंकर मिश्र ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है। आरोपी पर हरिजन एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।



