स्वाट, सर्विलांस एवं कोठी थाने की संयुक्त टीम ने किया ब्लाइंड मर्डर का राजफाश, पति भेजा गया जेल
बाराबंकी। फोन पर ज्यादा बात करने का विरोध करने पर महिला अपने पति से झगड़ा करती थी। पति ने पत्नी के अवैध संबंध होने के शंक पर उसकी घर के अंदर गला रेत कर हत्या कर दी थी। छह दिन पूर्व हुए इस ब्लाइंड मर्डर का राजफाश पुलिस के लिए टेढ़ी खीर बन गया था। मंगलवार को स्वाट, सर्विलांस एवं कोठी थाने की संयुक्त टीम ने घटना का राजफाश कर दिया। आरोपित पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
कोठी थाने के पूरेलाला गांव में 28 वर्षीय राजकुमारी की उसके घर में ही गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद मौके पर पहुंची स्वाट, सर्विलांस एवं कोठी पुलिस के साथ निवर्तमान पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने घटना स्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल की थी। घटना के बाद एसपी ने ब्लाइंड मर्डर के इस केस का राजफाश और हत्यारे की गिरफ्तारी के लिए टीम तीन टीमें गठित की थी। मृतका की मां गुलाब देई ने कोठी थाने में सूचना दी थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
अवैध संबंधों के शक पर की हत्याः स्वाट, सर्विलांस एवं कोठी पुलिस की तफ्तीश में राजकुमारी का हत्यारा उसका पति ही निकला। पुलिस ने पति सूर्यलाल धीमान पुत्र रामेश्वर को गिरफ्तार लिया। पुलिस के अनुसार आरोपित ने पूछताछ में बताया कि राजकुमारी अक्सर फोन पर किसी से बाते करती रहती थी। विरोध करने पर झगड़ा करने लगती थी। जिससे उसे पत्नी के किसी से अवैध संबंध होने का शक हुआ। रोष में आकर 10 मार्च की दोपहर चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपित पति को ग्राम मीरापुर के जेबीएस फील्ड भट्ठा मोड़ से गिरफ्तार किया है। जिसकी निशांदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
बनाई थी कहानीः घटना के दिन सूर्यलाल ने खुद के बचने के लिए कहानी बताते हुए कहा था कि वह सुबह वह काम के लिए बाजार गया था। लेकिन मौसम खराब होने से कहीं काम नहीं मिला तो दोपहर में वापस घर लौटा आया। घर जाने पर उसे राजकुमारी की हत्या की जानकारी होने की जानकारी हुई।