बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय वाणिज्य बंधु समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने शहर में वन-वे व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात पुलिस और नगर निकाय को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने बिना पार्किंग वाले निजी अस्पतालों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी करने के आदेश दिए। शहर के प्रमुख बाजारों में पार्किंग समस्या के समाधान के लिए ईओ नगर पालिका परिषद और एसडीएम सदर को वैकल्पिक व्यवस्था की कार्ययोजना बनाने को कहा। सड़कों पर साप्ताहिक बाजार लगाने पर रोक लगाई गई है। यह बाजार केवल निर्धारित स्थलों पर ही लगेंगे। ई-रिक्शा के लिए निश्चित रूट और कलर कोडिंग प्रणाली लागू की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्गों पर ई-रिक्शा चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। परिवहन विभाग ने पिछले माह 990 ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की। 218 वाहनों को सीज किया गया। 14 अपंजीकृत ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी ने मालगोदाम रोड पर बन रहे वेंडिंग जोन को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।