बाराबंकी। जिले के मसौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डड़ियामऊ के बाहर जंगल में सोमवार को एक 15 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने किशोर की हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान ग्राम डड़ियामऊ निवासी बाबू के 15 वर्षीय पुत्र मुजीब उर रहमान के रूप में हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर मसौली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के कुछ बच्चे बकरी चराने के लिए गांव के बाहर जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ से मफलर के सहारे लटक रहे शव पर पड़ी। शव को देखकर बच्चे घबरा गए और शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़े। बच्चों की सूचना पर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान मुजीब उर रहमान के रूप में की गई।
मृतक के पिता बाबू ने बताया कि मुजीब सोमवार सुबह घर से निकला था, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। बाद में बच्चों के माध्यम से शव मिलने की सूचना मिली।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अमित प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।