बाराबंकी। महोदवा-रामनगर रोड पर अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे एक बाइक सवार दंपत्ति को डंपर ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में घायल दंपत्ति को सीएचसी रामनगर भेजा गया। जहां से महिला को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंची घायल महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल पति को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
बदोसरांय थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरपुर निवासी सतगुर सरन अपनी 46 वर्षीय पत्नी रामा देवी के साथ अपने चचिया ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल बाइक से रामनगर के बंजरिया गांव जा रहे थे। सुबह लगभग 10 बजे महादेवा-रामनगर रोड पर केसरीपुर रेलवे क्रासिंग के पास तेज रफ्तार डंपर ने सतगुर की बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। जबकि महिला मरणासन्न हो गई। स्थानीय पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सीएचसी रामनगर भेजा। जहां रामा देवी की स्थिति नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला पहुंची घायल महिला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि पति को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।