बाराबंकी। जिले में एबीवीपी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार देर रात मेयो अस्पताल में घायल छात्रों से मिलने जा रहे जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय को छात्रों ने अंदर जाने से रोक दिया।
मेयो अस्पताल गेट पर भारी संख्या में जुटे छात्रों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। गुस्साए छात्रों ने डीएम-एसपी को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया और वहीं गेट पर ही घेराव कर दिया। हालात बिगड़ते देख दोनों अफसरों को बेरंग वापस लौटना पड़ा।
छात्रों का आरोप है कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया, जिससे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए। इसी के विरोध में देर रात तक मेयो अस्पताल गेट पर विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
सूत्रों के मुताबिक, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए डीएम व एसपी आवास समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।