बाराबंकी। थाना कुर्सी पुलिस टीम ने तीन शातिर अंतरजनपदीय चोरी और लूट के आरोपियों को गिरफ्तार कर कई वारदातों का खुलासा किया है। आरोपितों के कब्जे से उनकी निशानदेही पर सोने-चांदी के गहने, नगदी सहित घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को थाना कुर्सी पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में की पहचान मोहम्मद वाहिद पुत्र मोहम्मद रसीद निवासी शक्करपुरवा मजरा शकरा थाना काकोरी, मोहम्मद अतीक पुत्र मुन्ना निवासी पिंक सिटी गंगाविहार थाना पारा और शाने आलम उर्फ शानू पुत्र स्व. मजीद निवासी पाल कॉलोनी थाना पारा जनपद लखनऊ के रूप में हुई।
पुलिस को पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन लोगों का एक एक संगठित गिरोह है, जो दुकानों व राह चलते महिलाओं को निशाना बनाकर उनके साथ लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। थाना कुर्सी में दर्ज चार मामलों में दुकानों के गल्ले से नकदी चोरी और महिलाओं से मंगलसूत्र व पर्स छीनने की घटनाओं का पुलिस ने अनावरण किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वे पूर्व में लखनऊ व उन्नाव जनपदों में चोरी व लूट के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपितों को कोर्ट से जेल भेज दिया गया है।