बाराबंकी। मामा की शादी में शामिल होने आए दो भाजों की सरयू नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। दोनों बालकों की मौत की सूचना पर घर में चीख पुकार मच गई, गांव में सन्नाटा पसर गया। दोनों बालक बहराइच के थाना जरवलरोड क्षेत्र के निवासी थे।
कोतवाली बदोसरांय के ग्राम अलीनगर निवासी रामानंद पाल का परिवार शनिवार को भाई देशराज का गौना कराने गया था। घर पर महिलाएं और बच्चे ही थे। चार बजे रामानंद पाल के दो भांजे 13 वर्षीय सत्यम व 11 वर्षीय विवेक परिवार के ही ऋषभ के साथ खेलते हुए गांव से करीब एक किमी दूर सरयू नदी से निकले एक नाले के किनारे पहुंच गए। जहां सत्यम व विवेक पानी में नहाने उतर गए और कुछ ही देर में दोनों पानी में डूबने लगे। साथ में गया ऋषभ चिल्लाते मचाते हुए गांव की तरफ भागा और ग्रामीणों को जानकारी तो तत्काल लोग नदी की तरफ भागते हुए पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। काफी देर तलाश के बाद दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। शव घर पर पहुंचते ही परिवार में चीख पुकार शुरू हो गई। कोतवाली प्रभारी बदोसरांय संतोष कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे इसके बाद एसडीएम प्रीति सिंह व सीओ रामनगर गरिमा पंत ने भी पहुंचकर घटना की जानकारी करते हुए पीड़ित परिवारजन को ढांढस बंधाया।
ग्राम अलीनगर के रामानंद पाल के छोटे भाई देशराज की शादी पांच जून को संपंन हुई थी, जिसमें बहराइच के जरवल रोड थाना के ग्राम मदरही निवासी रमेश अपने पुत्र सत्यम पुत्र रमेश पाल व ग्राम रेठौड़ा निवासी पंकज अपने पुत्र विवेक व पत्नी के साथ शामिल होने आए थे। कुशलता से विवाह निपटाने के बाद परिवार में सभी रस्मे निभाई गई। शनिवार को परिवार के लोग देशराज का गौना कराने गए थे और इधर यह घटना हो गई। दोनों मृतक मासूम बच्चे अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उपजिलाधिकारी प्रीति सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की नियम अनुसार संभव मदद की जाएगी।