बाराबंकी। थाना दरियाबाद क्षेत्र के अकबरपुर गांव में सोमवार देर रात सड़क पर बंधी बकरियों को हटाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप धारण कर लिया और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट की इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सौरभ और मोनू देर रात कार से घर लौट रहे थे। गांव के भीतर सड़क पर ही जमाल नामक व्यक्ति की बकरियां बंधी हुई थीं। बकरियों को रास्ते से नहीं हटाने पर दोनों युवकों ने आपत्ति जताई, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलते ही दरियाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मारपीट में सौरभ, विनीत, मोनू जमाल समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद थाने लाया गया।
थाना प्रभारी मनोज सोनकर ने बताया कि पप्पू यादव की तहरीर पर जमाल, अरमान, ओसामा, ताज मोहम्मद, नगीना, छोटू, कमील और सलामत के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना के बाद से ही पुलिस गांव की निगरानी कर रही है। देर रात तक दोनों पक्षों के कई लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने एहतियातन दोनों पक्षों से कुल 13 लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है, पर पुलिस चौकसी बनाए हुए है।