ट्रक की टक्कर से छतविछत पड़ा ई-रिक्शा एवं मृतका गुड़िया और रेश्मा की फाइल फोटो
देर रात शादी से लौटते समय अयोध्या हाईवे पर हुआ हादसा, दो मासूम सहित सात गंभीर
बाराबंकी। रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में अयोध्या हाईवे पर लोधेसिंह पुरवा के कट पर देर रात ई-रिक्शा में सामने से तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मार दी। जिसमें सवार चालक सहित नौ लोगों में से दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल चालक के साथ दो मासूम व एक महिला को जिला अस्पताल से नाजुक हालात में ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। वहीं तीन लोगों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। सभी लोग उधौली में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। वहीं एक सप्ताह पूर्व दुर्घटना में घायल युवक की उपचार दौरान जिला अस्पताल में शुक्रवार की रात मौत हो गई।
असंद्रा थाना क्षेत्र के ग्राम चंद्रभानपुर निवासी 21 वर्षीय गुड़िया पत्नी रंजीत, 14 वर्षीय रेश्मा, निशा पुत्री विक्रम, 05 वर्षीय पलक पुत्री संदीप, 03 वर्षीय अनमोल, जान्हवी पुत्री देव नारायण, पूनम पत्नी देव नरायण, सचिन पुत्र चंद्रकुमार उधौली गांव में संतोष के घर पर आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने शुक्रवार को गए थे। जहां से देर रात ई-रिक्शा पर सवार होकर चालक अनिल पांडे के साथ लगभग 12.30 बजे वापस अपने घर चंद्रभानपुर लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र में लोधेसिंह पुरवा कट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा में जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में गुड़िया और रेश्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची रामसनेहीघाट पुलिस ने एबुंलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां से अनिल पांडेय, पलक, अनमोल, पूनम को नाजुक स्थिति में चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं जाह्नवी, सचिन और निशा का उपचार जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
हादसे में घायल की उपचार दौरान मौतः कोतवाली नगर के मोहल्ला रफीनगर निवासी अनिल सिंह के दामाद प्रमोद कुमार ने बताया कि दस दिन पहले पुलिस लाइन के पास उसके 22 वर्षीय साले शक्ति सिंह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गए थे। जिसका उपचार कराने के बाद उसे परिवारी जन उसे घर ले आए थे। तीन दिन पूर्व स्वास्थ्य बिगड़ने पर परिवारीजनों ने उसे फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी शुक्रवार की देर रात मौत हो गई।