पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मुख्य आरोपित को किया गिरफ्तार
बाराबंकी । दबंगों के गाली देने एक मां ने विरोध किया तो उसके बेटे को पीट पीट कर मरणासन्न कर दिया। जिसे परिजनों ने उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया जहां बुधवार की भोर में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
फतेहपुर कोतवाली के मुहल्ला नालापार दक्षिणी-दो निवासी बुनियाद अली की विधवा तहरून्निशा का आरोप है कि सोमवार शाम मुहल्ले के मनोज यादव अपना भूसा भर रहे थे, जो हवा के कारण उड़कर पड़ोसी लियाकत के घर की ओर जा रहा था। इसको लेकर लियाकत उसको गालियां दे रहा था। घर के सामने खड़े होकर गाली देने के कारण तहरून्निशा ने उसका विरोध किया तो वह आक्रोशित होकर वहां से चला गया। दूसरे दिन मंगलवार रात नौ बजे घर के बाहर तहरून्निशा के पुत्र निजामुद्दीन मौजूद थे, तभी दबंग लियाकत अली ने चार लोगों के साथ वहां पहुंचकर निजामुद्दीन पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल निजामुद्दीन को सीएचसी लाया गया, जहां बुधवार भोर उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले में पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कोतवाली निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपित को नामजद करते हुए चार अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।