बाराबंकी। जिला कृषि अधिकारी राजितराम वर्मा की टीम ने जैदपुर थाना क्षेत्र के हरख चौराहे के पास दो पिकअप वाहनों को रोककर 100 बोरी यूरिया खाद बरामद की। दोनों वाहनों के चालकों को हिरासत में लेकर खाद समेत जैदपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। कृषि विभाग ने खाद को कालाबाजारी के लिए ले जाने की आशंका जताई है।
पकड़े गए वाहन चालकों की पहचान सुबेहा थाना क्षेत्र के कछुवाहा निवासी अजय कुमार और बिगनिया गांव निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि खाद देवीगंज के पहला चौराहा स्थित खाद विक्रेता विवेकानंद सिंह की दुकान से लादकर ले जाई जा रही थी।
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, शाम को सूरज ढलने के बाद ई-पॉस मशीनों के माध्यम से खाद की बिक्री नहीं की जा सकती। ऐसे में बिना आवश्यक लिखापढ़ी के 100 बोरी यूरिया ले जाने का मामला सामने आया है। इससे खाद की कालाबाजारी की आशंका बढ़ गई है।
कृषि विभाग की टीम ने दोनों वाहनों और चालकों को जैदपुर पुलिस के हवाले कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक गुरुवार सुबह संबंधित विक्रेता के रिकॉर्ड और ई-पॉस मशीन में दर्ज बिक्री का मिलान किया जाएगा। रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।