-
पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों को किया गिरफ्तार
-
तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए महिलाओं ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
बाराबंकी। आवास विकास की कांशीराम कालोनी में सोमवार की रात जुआं खेलते समय पैसों के लेकर हुए विवाद में एक युवक को उठाकर चौथी मंजिल से नीचें फेंक दिया गया। गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल से परिजन युवक को डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर गए जहां उसकी मौत हो गई। कोतवाली नगर पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि परिवार की महिलाओं ने एक अन्य आरोपित का नाम एफआईआर में दर्ज न करने पर नाराज होकर कोतवाली के सामने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया।
कोतवाली नगर के आवास विकास कालोनी स्थित कांशीराम कालोनी निवासी ई-रिक्शा चालक राकेश कुमार गुप्ता का 24 वर्षीय पुत्र मोनू गुप्ता आटो चलाता था। पिता राकेश ने बताया कि 26 मई की रात करीब 10 बजे मोनू को बस अड्डा के पास रहने वाला सद्दाम छत पर पार्टी करने के बहाने ले गया, जहां सद्दाम का भाई मेहताब और कालोनी का ही निहाल सहित टेनी व शाकिब मौजूद थे। वहां नशे में हुए विवाद के दौरान निहाल व मेहताब ने मोनू को उठाकर चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया। आनन-फानन मोनू को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे राम मनोहर लोहिया रेफर किया गया। लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान मोनू ने दम तोड़ दिया। मामले में देर रात पीड़ित पिता की तहरीर पर कोतवाली नगर में आरोपितों पर हत्या का मुकदमा लिखा गया। पुलिस ने नीचे फेंकने के आरोपित निहाल व मेहताब को गिरफ्तार भी कर लिया है। मंगलवार सुबह मृतक के परिवार की महिलाओं ने पुलिस की कार्यवाही से असंतुष्ट होकर सपा नेता पूनम गिहार के नेतृत्व में कोतवाली नगर के सामने हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी पुलिस पर सद्दाम को बचाने का आरोप लगा रहे थे। पुलिस के समझाने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। लखनऊ में पोस्टमार्टम के बाद शव मंगलवार शाम को लाया गया। नगर कोतवाल आरके राना ने बताया कि मुकदमा लिखकर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जुआ खेलते समय पैसों को लेकर हुआ विवाद: बताया जा रहा है कि कांशीराम की जिस छत से मोनू को नीचे फेंका गया, वहां पर जुआ खेला जा रहा था, इस दौरान पैसों को लेकर आपस में विवाद शुरु हो गया। जबकि मृतक के पिता का कहना है कि कुछ दिन से वहां पर जुआ नहीं खेला जा रहा था। हालांकि छत पर जुआं खेला जा रहा था इस बात से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है।
जुआं खेलते समय हुए विवाद में युवक को चौथी मंजिल से फेंका, मौत
RELATED ARTICLES



