बाराबंकी। धान की रोपाई कर रहे युवकों पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिसमें एक की सीएचसी में मौत हो गई जबकि घायल छह अन्य को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक, एसडीएम, तहसीलदार ने मौके पर पहुंचे। मृतक के परिवारीजनों को सांत्वना देते हएु आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया।
बडडूपुर थानार्न्तगत नेरी गांव निवासी रामनाथ के खेत में धान की बुवाई चल रही थी जिसमें पड़ोस के रमपुरवा गांव के लगभग 11 मजदूर काम कर रहे थे। इसी बीच आकाश में कड़की बिजली के गिरने से बुवाई कर रहे 7 मजदूर झुलस गये। जिनमें से दो को गंभीर अवस्था में फतेहपुर सीएचसी लाया गया, जहां पर चिकित्सक ने रमपुरवा निवासी 32 वर्षीय पवन कुमार पुत्र झब्बू लाल को मृत घोषित कर दिया जबकि राजकुमार, अंकित का उपचार हो रहा है। अंकित ने बताया कि धान की बुवाई करने के लिए गांव से 11 लोग आये थे। जिनमें नरेन्द्र, राजेन्द्र, कल्लू, महेष भी मामूली रूप से झुलसे हैं। सूचना पर विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा, एसडीएम कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार वैशाली अहलावत सीएचसी पहुंचे और मृतक के परिवारीजनों का हालचाल लेकर उन्हें सांत्वना दी।
एसडीएम ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हुई है जबकि चार मजदूर मामूली रूप से झुलसे हैं। आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी, उन्होंने बारिश के दौरान खेत में काम करते समय सर्तकता बरतने की हिदायत दी है।