देवा पुलिस ने किया गिरफ्तार, 310 किलो तांबे का तार, चार ट्रांसफार्मर व पिकप बरामद
बाराबंकी। गोदामों में केबल चोरी कर दूरदाराज के कबाड़ियों को बेंच कर शौक पूरा करने वाले ट्रांसपोर्टर और पिकप चालक को देवा पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से ट्रांसफार्मर, तांबे का तार, प्लास्टिक की कटी केबिल तथा एक पिकप बरामद की गई। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय के अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश पर हो रही गश्त के दौरान देवा पुलिस ने देवा के अड़ौरा गांव निवासी शिव कमल पुत्र राम लखन एवं सिद्धार्थनगर जिले के थाना इटावा अंतर्गत पकड़ी शुक्ल कृष्ण गोपाल पुत्र अरूण कुमार को चोरी के माल के साथ कुर्सी रोड नहर पुल से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से चार ट्रांसफार्मर, 310 किग्रा तांबे का तार, प्लास्टिक की कटी हुई केबिल, एक पिकप वाहन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार इनमें से पकड़ा गया कृष्ण गोपाल चिनहट लखनऊ कार्यालय में ट्रांसपोर्टर का काम करता है, एवं शिव कमल अपना पिकप उसी के माध्यम से भाड़े पर चलाता था। जिससे दोनों में मित्रता हुई। आरोपितों ने लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग पर बीबीडी के पास स्थित एक गोदाम से ट्रांसफार्मर तथा केबिल चोरी किया गया था एवं उसी केबिल को काटकर तांबे का तार अलग कर तथा उसकी प्लास्टिक अलग कर उसे दूर-दराज जाकर कबाड़ में बेंचने के फिराक में थे।
थाना देवा प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व भी इन लोगों ने गोदामों से सामान को चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपितों के आपराधिक इतिहास एवं अन्य घटनाओं की जानकारी की जा रही है। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।