रायबरेली का रहने वाला था मुंशी, छह वर्षों से पार्वती भट्ठे पर था कार्यरत
बाराबंकी। जुग्गौर-सतरिख रोड पर बुधवार की शाम कार सवार ने ईंट भट्ठा के मुंशी की बाइक में पीछे से ठोकर मार दी। हादसे में घायल मुंशी को गंभीर अवस्था में एंबुलेंस से सीएचसी सतरिख लाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी।
रायबरेली जनपद के बछरांवा थाना हरिचंदपुर के ग्राम अघौरा निवासी राम बरन रावत के 35 वर्षीय पुत्र अनुपम रावत कमरपुर सतरिख स्थित पार्वती ब्रिक फील्ड पर लगभग छह वर्षों से मुंशी का कार्य करते थे। बुधवार की शाम लगभग छह बजे अनुपम लखनऊ से वापस अपनी बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान मनीष ईंट भट्ठा के पास पीछे से आ रहे एक कार सवार अनुपम की बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में मुंशी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे आनन-फानन में सीएचसी सतरिख पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे चालक को वाहन सहित पकड़ कर लोगों ने पुलिस को सिपुर्द कर दिया। सतरिख पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर वालक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।