-
एडीएम के आदेश पर पुलिस बल के साथ पैमाइश करने पहुंची थी राजस्व टीम
-
सुबेहा पुलिस ने 20 अज्ञात सहित 44 पर दर्ज किया केस, दो हिरासत में
बाराबंकी। राजस्व टीम के भूमि पैमाइश के दौरान पुलिस की उपस्थिति में दूसरे पक्ष ने वहां मौजूद पक्ष पर हमला बोल दिया। हमलें में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने भीड़ खदेड़ कर किसी तरह स्थिति पर काबू पाया, इस दौरान पुलिस भी धक्का मुक्की की शिकार हुई। राजस्व निरीक्षक ने 20 अज्ञात सहित 44 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
सुबेहा थाना के सहापुर निवासी अखिलेश कुमार सिंह की 10 बीघा भूमि गोसियामऊ के निकट गोमती नदी पार दांदूपुर के पास स्थित है। इस जमीन पर कई वर्षों से कुछ लोगों का अवैध कब्जा था। करीब एक माह पूर्व अखिलेश ने पैमाइश के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट हैदरगढ़ की कोर्ट में मुकदमा किया था। उप जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर राजस्व टीम गठित की गई। गुरुवार दोपहर पुलिस की मौजूदगी में इस टीम के नेतृत्व में भूमि का सीमांकन शुरू हुआ। इस दौरान राजस्व टीम में शामिल राजस्व निरीक्षक उमेश कुमार, लेखपाल शनिकांत व संजय द्विवेदी माप कर रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के कई लोग लाठी-डंडा लेकर वहां पहुंच गए और देखते ही देखते अखिलेश पक्ष के लोगों पर पथराव के साथ लाठी-डंडे से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे भोला सिंह के सिर पर पत्थर लग गया, जिससे वह घायल हो गए। मामला बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने भीड़ को खदेड़ना शुरू कर दिया, जिसमें उनसे भी धक्का-मुक्की हुई।




