एमडी कालेज प्रबंधक के तहरीर पर मुकदमा दर्ज, एक गिरफ्तार
बाराबंकी। शिक्षकों व छात्राओं को लेकर कालेज जा रही बस ई-रिक्शा चालक ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर रास्ते में रोक कर बस चालक से गाली गलौच करने लगा। बीच बराव करने पर अध्यापक व छात्राओं की भी पिटाई की गई। जिसमें एक अध्यापक व एक छात्रा को गंभीर चोटें पहुंची। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपित भाग निकले। कालेज प्रबंधक ने मामले की तहरीर थाने में दी है।
कुर्सी के अमरसंडा स्थित एमडी कॉलेज की एक बस सोमवार को लखनऊ से शिक्षकों व छात्रों को लेकर कालेज आ रही थी। कुर्सी के अनवारी के पास बस चालक ने ई-रिक्शा से पास लेने के लिए दो तीन बार हार्न बजाया। जिससे नाराज होकर चालक ने बस के आगे अपना ई-रिक्शा खड़ा कर दिया। आरोप है कि चार-पांच साथियों को बुलाकर बस चालक को नीचे खींच लिया और गाली-गलौज करने लगा। जब बस पर बैठे शिक्षकों व छात्रों ने बीच-बचाव किया तो ई-रिक्शा चालक अपने साथियों के साथ लाठी डंडे लेकर बस में घुस गया। बस में बैठे शिक्षकों व छात्रों की पिटाई शुरू कर दी। हड़कंप मच गया शिक्षक व छात्राएं डर कर सहम गई। आस-पास मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपित मौके से भाग निकले। आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने जान से मारने व बस को जलाने की भी धमकी दी। पुलिस ने घायल शिक्षक रोहित, शिक्षिका कोमल राज वर्मा, ड्राइवर मेहंदी हसन व छात्राओं को एम्बुलेंस से इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर सूचना पर पहुंचे कालेज प्रबंधक पंकज सिंह ने ई-रिक्शा चालक सहित करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। कुर्सी थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि कालेज प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसमें एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे।