-
एक माह बाद स्वाट, सर्विलांस एवं घुंघटेर पुलिस ने किया घटना का राजफाश
-
हत्यारोपित वादी का भतीजा व उसका साथी गिरफ्तार
बाराबंकी। एक माह पूर्व रात में खेत की रखवाली करने गये युवक की गला दबा कर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से आलाकत्ल तार व घटना में शामिल मोटर साइकिल बरामद हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम बजगहनी में 21 जून की रात खेत में झोपड़ी के नीचे लेटे 25 वर्षीय अरविंद लोध पुत्र रामपाल निवासी जेजेएम रोड लखनऊ की गला दबा कर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबा कर हत्या की पुष्टि हुई थी। अरविंद कई वर्षों से बजगहनी निवासी माता प्रसाद के घर में पर रहता था और पारिवारिक सदस्य के रूप में काम काज करता था। माता प्रसाद गौतम की तहरीर पर घुंघटेर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। आखिरकार एक माह चली तफ्तीश के बाद स्वाट, सर्विलास व घुघटेर की संयुक्त पुलिस टीम हत्यारोपियों तक पहुंच गई। 24 जुलाई को घुंघटेर पुलिस ने आरोपित संतोष कुमार पुत्र जानकी प्रसाद व बृजेश कुमार पुत्र मैकूलाल निवासी बजगहनी को जमुआ पुल के पास से गिरफ्तार किया। दोनों की निशांदेही से आलाकत्ल एक बण्डल एल्युमीनियम तार व घटना में शामिल मोटर साइकिल बरामद हुई है।




