Friday, June 5, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSश्रीराम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी बाराबंकी में बवाल: एलएलबी की मान्यता को लेकर...

श्रीराम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी बाराबंकी में बवाल: एलएलबी की मान्यता को लेकर छात्रों और पुलिस में भिड़ंत, 25 घायल

  • सीओ सिटी समेत चार पुलिस कर्मी भी हुए घायल

बाराबंकी। श्रीराम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी माती में एलएलबी की मान्यता को लेकर लंबे समय से जारी विवाद सोमवार को हिंसक टकराव में बदल गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता, छात्र और स्थानीय लोगों के बीच हुई झड़प के बाद हालात बिगड़ गए। विवाद के दौरान पुलिस चौकी पर पथराव हुआ, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस घटना में ABVP के कई पदाधिकारी समेत कुल 25 छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सफेदाबाद स्थित डॉ केएन सिंह अस्पताल (मेयो हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया है।

अवैध वसूली के विरोध में शुरु हुआ था प्रदर्शन: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में बिना मान्यता के LLB कोर्स में दाखिला लिया जा रहा है और छात्रों से अवैध वसूली की जा रही है। इसके विरोध में ABVP ने सोमवार सुबह विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मामला तनावपूर्ण होता गया।

शुरु हुई हाथापाई: दोपहर लगभग तीन बजे, प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया, जिससे सैकड़ों छात्र-छात्राएं कैंपस के अंदर ही फंसे रह गए। इस पर कई अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर ताला खुलवाने की कोशिश की, लेकिन बात हाथापाई तक पहुंच गई।

पुलिस चौकी पर पथराव के बाद लाठीचार्ज: हंगामे के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने पुलिस चौकी पर पथराव किया और शीशे तोड़ डाले। जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। भगदड़ में ABVP के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हो गए।

यह बताए जा रहे घायल: हिंसक टकराव में एबीवीपी के प्रांत सह मंत्री अभिषेक बाजपेई, जिला संयोजक अनुराग मिश्र , अभय शंकर पांडेय, अंकित पांडेय, नवीन, अर्पित शुक्ल, आशुतोष राय, प्रत्यूष पांडेय, अंकुर अवस्थी, सिद्धार्थ तिवारी, विदित प्रताप सिंह, योगेश सिंह, पुष्पेंद्र बाजपेई (प्रांत संगठन मंत्री), पुष्पा गौतम, लक्ष्मी पांडे, वैष्णवी सिंह, आराध्या सिंह, शक्ति सिंह, अमन सिंह सहित लगभग दो दर्जन लोग शामिल हैं।

पुलिस पर बर्बरता का आरोप: ABVP के विभाग संगठन मंत्री आकाश शुक्ल ने बताया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था लेकिन प्रशासनिक लापरवाही और पुलिस की बर्बरता के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।

क्या कहना है विश्वविद्यालय प्रशासन का : विश्वविद्यालय के OSD बीएस ओझा का कहना है कि LLB कोर्स को लेकर मान्यता में रिन्युअल की प्रक्रिया लंबित है, लेकिन विश्वविद्यालय इसे गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों ने जबरन सभी गेट बंद कर दिए थे जिससे स्थानीय अभिभावकों को परेशानी हुई।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात: फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन विश्वविद्यालय परिसर में तनाव बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सतर्क हैं।

 

प्रदर्शन कर रहे लोगों बाहर से आए छात्रों से विवाद हो गया। छात्रों की संख्या अधिक होने पर छात्रों ने युवकों की पिटाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने बीचबचाव करते हुए बचाने की कोशिश की, जिस पर कुछ लोगों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया। इसमें पुलिस कर्मियों को भी चोटें आई है। मामला गंभीर होने पर पुलिस को भी हल्का बल प्रयोग करना पड़ा है।

हर्षित चौहान, सीओ सिटी, बाराबंकी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments