बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सस्ते अमेरिकी डालर खरीदने आए लखनऊ के दो लोगों को पुलिस की वर्दी में छुपे बदमाशों ने लूट लिया। आरोपितों ने 25 लाख रुपये, पासबुक और आधार कार्ड छीन लिए। घटना की शिकायत पर पुलिस ने लूट और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के नाका हिंडोला विजय नगर निवासी कैंसर से पीड़ित गुरमीत सिंह अपने मित्र अभिषेक सिंह के जरिए आलोक सिंह से कम दाम में डालर खरीदने की बातचीत कर रहे थे। आलोक के साथ जुड़े शाहिद, एजाज और राम सेवक यादव ने 30 अगस्त को कोतवाली नगर के बड़ेल में 25 लाख रुपये एडवांस लिए थे।
गुरमीत और उनके साथी जानेंद्र सिंह उधार लिए गए पैसे लेकर बड़ेल पहुंचे, जहां आरोपितों ने उन्हें एक कार में बैठाकर गोमती नगर के ग्रैंड जेबीआर ले गए। वहां सफेद कार से उतरे पुलिस की वर्दी में बदमाशों ने पिस्टल तानकर 25 लाख रुपये, पासबुक और आधार कार्ड छीन लिए। बदमाशों ने हत्या की धमकी देते हुए पीड़ितों को छोड़ दिया।
चार सितंबर को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है।