Saturday, June 6, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSपत्नी व बच्चों के साथ देवा मेला देखकर लौट रहे युवक की...

पत्नी व बच्चों के साथ देवा मेला देखकर लौट रहे युवक की संदिग्ध मौत, गले पर मिले नुकीले निशान

  • घटना के बाद पत्नी बच्चों को लेकर चली गई मायके, सवालों के घेरे में पत्नी

बाराबंकी। देवा मेला देखकर लौट रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने गांव में सनसनी फैला दी है। युवक का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर सड़क किनारे पड़ा मिला, जबकि उसकी बाइक वहीं नजदीक पड़ी हुई थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के गले और चेहरे पर नुकीली वस्तु से चोट के निशान मिले हैं, जिससे यह मामला सड़क हादसे से अधिक हत्या की ओर इशारा कर रहा है। घटना घूंघटेर थाना क्षेत्र के ददेरा गांव की है। मृतक की पहचान हनुमान पुत्र चोखे लाल गौतम (35 वर्ष) के रूप में हुई है।

मृतक की फाइल फोटो
मृतक की फाइल फोटो

ससुराल से मेला देखने निकला था, सुबह मिला शवः परिजनों के अनुसार, हनुमान सोमवार को अपनी पत्नी पूजा और दो बच्चों के साथ लखनऊ के डालीगंज स्थित ससुराल गया था। वहां से सभी देवा मेला देखने के लिए निकले थे। लेकिन मंगलवार सुबह उसका शव गांव के बाहर सड़क पर पड़ा मिला। उसके साथ न तो पत्नी थी और न ही बच्चे। शव के पास ही बाइक भी पड़ी थी, लेकिन टक्कर के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले। युवक के गले पर नुकीली वस्तु के गहरे निशान देख लोगों में हत्या करने की चर्चा है। फतेहपुर पुलिस क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। फारेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य संकलित किए।

सवालों के घेरे में पत्नीः हत्या या दुर्घटना इस पूरे मामले में पत्नी की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। घटना के बाद वह मौके पर मौजूद नहीं थी। सुबह वह मायके पक्ष के साथ पहुंची और दावा किया कि बाइक रोकने पर एक तेज रफ्तार वाहन ने उसके पति को टक्कर मार दी। उसका कहना है कि हादसे के बाद वह घबरा गई और ससुराल न जाकर सीधे मायके चली गई। लेकिन स्थानीय लोग और परिजन इस कहानी पर सवाल उठा रहे हैं। उनकी आशंका है कि घटना में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं, या यह पूर्व नियोजित साजिश हो सकती है।

बेटा यश बना चश्मदीद, खोल सकता है राजः हनुमान के साथ उसका 8 साल का बेटा यश और एक 6 माह का शिशु भी था। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त यश मौजूद था। पुलिस को उम्मीद है कि बच्चा कुछ अहम जानकारी दे सकता है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

थानाध्यक्ष बेचू सिंह यादव ने बताया मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण स्पष्ट होगा। परिवार की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments