-
घटना के बाद पत्नी बच्चों को लेकर चली गई मायके, सवालों के घेरे में पत्नी
बाराबंकी। देवा मेला देखकर लौट रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने गांव में सनसनी फैला दी है। युवक का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर सड़क किनारे पड़ा मिला, जबकि उसकी बाइक वहीं नजदीक पड़ी हुई थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के गले और चेहरे पर नुकीली वस्तु से चोट के निशान मिले हैं, जिससे यह मामला सड़क हादसे से अधिक हत्या की ओर इशारा कर रहा है। घटना घूंघटेर थाना क्षेत्र के ददेरा गांव की है। मृतक की पहचान हनुमान पुत्र चोखे लाल गौतम (35 वर्ष) के रूप में हुई है।

ससुराल से मेला देखने निकला था, सुबह मिला शवः परिजनों के अनुसार, हनुमान सोमवार को अपनी पत्नी पूजा और दो बच्चों के साथ लखनऊ के डालीगंज स्थित ससुराल गया था। वहां से सभी देवा मेला देखने के लिए निकले थे। लेकिन मंगलवार सुबह उसका शव गांव के बाहर सड़क पर पड़ा मिला। उसके साथ न तो पत्नी थी और न ही बच्चे। शव के पास ही बाइक भी पड़ी थी, लेकिन टक्कर के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले। युवक के गले पर नुकीली वस्तु के गहरे निशान देख लोगों में हत्या करने की चर्चा है। फतेहपुर पुलिस क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। फारेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य संकलित किए।




