बाराबंकी। बरेठी स्थित महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में दीपोत्सव की पूर्व संध्या पर रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दर्जनों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी सृजनात्मक प्रतिभा और कला कौशल का मनमोहक प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। आगंतुकों ने सभी रंगोलियों का निरीक्षण करने के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को टॉप-10 श्रेणी में चयनित कर सम्मानित किया।
रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा 11 की अक्षिता सिंह, अनुष्का यादव, राधा, लवी पाल, काजल यादव, अनामिका, नंदनी, रितिका, काजल यादव को प्रथम, कक्षा 12 की जया यादव, कंचन वर्मा, अनुराधा, नैना, कुमकुम कुमारी को द्वितीय, कक्षा 10 की साक्षी, प्रियांशी, खुशी को तृतीय, कक्षा 10 की अमिता, अंजू, लक्ष्मी को चतुर्थ, कक्षा नौ की छात्रा सोनिका, सोनामिका, लक्ष्मी रावत, आर्या को पांचवा, कक्षा 11 के चितरंजन ध्रुवे, अतुल, पलक, प्रिया को छठा, कक्षा नौ की दामिनी, नेहा, लावण्या, सेजल, महिमा, स्वाति को सातवां एवं कक्षा 10 की गायत्री, दीपांशी, आयुषी को आठवां स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही अन्य छात्राएं भी टाप टेन में शामिल रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडवोकेट श्रवण कुमार सिंह तथा अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ समाजसेवी पंकज गुप्ता ‘पंकी’ एवं विशिष्ट अतिथि आशीष कुमार सिंह आनंद ने बच्चों के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अंत में विद्यालय प्रबंधक योगेन्द्र बहादुर सिंह ने सभी आगंतुकों, प्रतिभागियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और दीपोत्सव की ढेर सारी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।