बाराबंकी। छठ पूजा मेले के दौरान सोमवार की देर रात हलबलपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसंतापुर गांव निवासी 14 वर्षीय विमलेश पुत्र अयोध्या की जंपिंग झूला झूलते समय मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, विमलेश अपने साथियों के साथ हलबलपुर में लगे छठ पूजा मेले में गया था। मेला घूमते समय वह जंपिंग झूले पर झूलने लगा। इसी दौरान झूले में अचानक फिसलने से वह सिर के बल नीचे गिर पड़ा। गिरने के बाद उसकी गर्दन में गंभीर चोट लग गई।
साथी युवक तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सूरतगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक विमलेश चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता अयोध्या की मृत्यु करीब 17 वर्ष पहले लंबी बीमारी के चलते हो चुकी थी।
इस संबंध में सूरतगंज चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा जंपिंग झूला झूलते समय हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा आगे की जांच की जा रही है।