बाराबंकी। देवा शरीफ में मजार पर घूमने आए नट बिरादरी के दो पक्षों में बीते रविवार को किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। इस मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालत नाजुक होने पर उसे निजी अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। देवा पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के महिगवां थाना क्षेत्र के तुमुखपुर निवासी श्याम कुमार पुत्र चंद्रपाल परिवार के साथ देवा मजार पर आए थे और मेला परिसर से सटे कर्बला के पास ठहरे हुए थे। वहीं लखनऊ के बक्शी का तालाब थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसामऊ निवासी लखन और उमेश भी वहीं रुके थे।
कस्बा इंचार्ज छट्टू चौधरी ने बताया कि रविवार को दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि विपक्षी लखन व उमेश ने श्याम कुमार को लाठियों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उसे लेकर एक निजी अस्पताल गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया।
मंगलवार को ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही श्याम की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों लखन और उमेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।