मृतक के भाई ने युवती पर लगाया प्रेम जाल में फंसा कर प्रताड़ित व धमकाने का आरोप
बाराबंकी। जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी अभिषेक कुमार रावत पुत्र राम मिलन रावत ने पुलिस को दिए तहरीर देकर अपने भाई की आत्महत्या के पीछे एक युवती हाथ होना बताया है। आरेाप है कि युवती ने उसके भाई को पहले प्रेम जाल में फंसाया फिर धन उगाही सहित अनुचित मांगो लेकर प्रताड़ित किया। युवती ने उसके भाई को मांग पूरी न होने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी, जिस पर उसके भाई आत्महत्या कर लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
अभिषेक ने बताया कि तीन अक्टूबर को उसके भाई आयुष रावत ने आत्महत्या कर ली थी। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला था। परिजनों ने पहले इसे सामान्य आत्महत्या समझा, लेकिन छह अक्टूबर को जब अभिषेक ने अपने भाई का मोबाइल फोन देखा तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।
मोबाइल रिकॉर्ड से पता चला कि लखनऊ जनपद के चिनहट थाना क्षेत्र की एक युवती ने आत्महत्या से कुछ देर पहले यानी तीन अक्टूबर की रात आयुष से बात की थी। अभिषेक का आरोप है कि युवती उसके भाई को प्रेमजाल में फंसाकर अवैध धन वसूली और अनुचित मांगों को लेकर लगातार प्रताड़ित करती थी।
शिकायत में कहा गया है कि जब आयुष उसकी मांगें पूरी नहीं कर पाता था तो वह फर्जी मुकदमे में फंसाने और बेइज्जती करने की धमकी देती थी। इससे आयुष मानसिक रूप से टूट गया। पिता की सामाजिक प्रतिष्ठा और अपमान की घुटन के चलते अपने परेशानी किसी से साझा नहीं कर सका। अभिषेक ने आरोप लगाया कि युवती ने उसके भाई का आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया, जिसके चलते उसने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
थानाध्यक्ष बेचू सिंह यादव ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रहा है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।