बाराबंकी। कोतवाली नगर क्षेत्र में सोमवार रात नशे से धुत एक युवक ने अंडे की दुकान पर काम करने वाले युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली नगर में आरोपी पर मुकदमा दर्ज कराया है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी गुलशन कुमार पुत्र प्रताप चंद ने कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया कि सुरेश गौतम की अंडे की दुकान पर वह काम करता है, जहां सोमवार की देर शाम नशे में धुत युवक आकाश पुत्र रमेश चंद्र पहुंचा। आरोप है कि आकाश ने दुकान पर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दुकान के मालिक सुरेश ने उसे मना किया, तो वह गाली-गलौज करते हुए दुकान के पास रखे गैस सिलेंडर पर बैठ गया। पीड़ित के अनुसार जान से मारने की नियत से आरोपी ने पीछे से चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले में सुरेश के होठ और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उसकी जान बचाई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपीय आकाश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर सुधीर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।