नगर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले का मामला, रविवार की देर रात हुई घटना
बाराबंकी। शहर के आज़ाद नगर मोहल्ले में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब गैस चूल्हे पर चाय बनाते वक्त अचानक आग भड़कने से 24 वर्षीय रिया मौर्य गंभीर रूप से झुलस गईं। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले रिया की अपने पति से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार रिया रसोई में चाय बना रही थीं, तभी उनकी मैक्सी ने अचानक आग पकड़ ली। देखते ही देखते लपटें तेजी से फैल गईं। चीख-पुकार सुनकर पति संजय मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक रिया का करीब आधा शरीर झुलस चुका था।
परिजनों ने आनन-फानन में रिया को ऑटो से जिला अस्पताल बाराबंकी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई। चेहरे, हाथों और शरीर के कई हिस्सों पर गहरी जलन देखी गई है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उपचार में जुटी है।
सूचना मिलते ही सिटी चौकी इंचार्ज संजीव कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और मरीज की स्थिति के बारे में जानकारी ली। डॉक्टरों ने बताया कि जलन काफी अधिक है, हालांकि हालत नियंत्रण में लाने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, रिया के देवर आनंद मौर्य ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। रविवार को भी चाय बनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। कहा जा रहा है कि इसी विवाद के बाद रिया ने कथित तौर पर खुद पर तेल छिड़क लिया, उसी दौरान गैस जल रही थी और आग लग गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं घटना के मामले में परिजनों के बयान दर्ज किये गए हैं।