-
देवा पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप, घायलों को एंबुलेंस से नहीं पिकअप से भेजा गया अस्पताल
-
सीओ सिटी एवं एसडीएम सदर ने संभाली स्थिति
बाराबंकी। फतेहपुर क्षेत्र में स्थित साईं पीजी कालेज से बीए तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा देकर लौट रहे बाइक सवार छात्र व उसके चाचा को देवा-चिनहट मार्ग पर बेरठी के पास तेज रफ्तार पिकप ने ठोकर मार दी। हादसे में घायलों को देवा पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां दोनों की मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने देवा पुलिस की लापरवाही से घायलों की मौत का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा।
जिला अस्पताल में हंगामे की जानकारी होने पर नगर कोतवाल सुधीर सिंह, सीओ सिटी संगम कुमार एवं एसडीएम सदर आनंद तिवारी ने मौके पर पहुंच कर स्थिति संभाली, परिजनों को शांत करा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

लखनऊ के गोमती नगर थाना क्षेत्र के गढ़ हुसैन पुरवा निवासी 48 वर्षीय रामस्वरूप अपने 28 वर्षीय भतीजे आयुष यादव को फतेहपुर तहसील क्षेत्र में स्थित सांई पीजी कालेज में परीक्षा दिलाने गए थे। जहां से रविवार की देर शाम बाइक से दोनों वापस घर लोट रहे थे। इसी दौरान देवा-चिनहट मार्ग पर बरेठी के पास लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में दोनों चाचा-भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि सूचना पाकर माती चौकी प्रभारी अशोक वर्मा तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे, जहां से दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज कर परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी। जिला अस्पताल पहुंचे घायलों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।





