मास्टर ट्रेनर महेंद्र यादव ने किया प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण
बाराबंकी। जनगणना 2027 के सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तहसील फतेहपुर के प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम साईं डिग्री कॉलेज फतेहपुर में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मास्टर ट्रेनर एवं डायट प्रवक्ता महेंद्र यादव ने प्रशिक्षण सत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महेंद्र यादव ने प्रशिक्षण की प्रक्रिया, पाठ्य सामग्री, उपस्थिति तथा प्रतिभागियों की समझ का मूल्यांकन किया। उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से संवाद स्थापित कर उनके प्रश्नों का समाधान किया तथा उन्हें जनगणना से संबंधित तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं की गहन जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने दायित्वों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं सजगता के साथ निभाएं। उन्होंने विशेष रूप से डिजिटल एप्लीकेशन के सही उपयोग, डेटा की शुद्धता एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने पर बल दिया। मास्टर ट्रेनर ने प्रशिक्षण दे रहे प्रशिक्षकों को निर्देशित किया कि वे सभी बिंदुओं को सरल, स्पष्ट एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाएं, जिससे प्रशिक्षण अधिक प्रभावी एवं उपयोगी बन सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए और उनकी शंकाओं का तत्काल समाधान किया जाए। इस अवसर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित सभी ट्रेनर, प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों ने पूरे मनोयोग से भाग लिया तथा जनगणना 2027 को सफल बनाने हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।