बाराबंकी। बेसिक शिक्षा विभाग में चयन वेतनमान को लेकर जिले के शिक्षकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। जिसको लेकर यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉक्टर आशुतोष कुमार ने बुधवार को वित्त एवं लेखा अधिकारी बेसिक कार्यालय को मेल भेजा हैI भेजे गए मेल में आरोप लगाया है कि लगभग एक हजार शिक्षकों के चयन वेतनमान के आदेश जारी होने के बावजूद अब तक उनके वेतन में इसका लाभ नहीं जोड़ा गया है। इसके अलावा शासनादेश के अनुसार चयन वेतनमान की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है, जिसमें स्वीकृत आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा वित्त एवं लेखाधिकारी को भेजे जाने की व्यवस्था है। इसके आधार पर ऑनलाइन सेवा पंजिका का अवलोकन कर संबंधित शिक्षकों का वेतन निर्धारण करते हुए उसी माह में लाभ दिया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पारदर्शिता के लिए लागू ऑनलाइन व्यवस्था के बावजूद वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय द्वारा खंड शिक्षा अधिकारियों से सेवा पंजिका की प्रमाणित हार्ड कॉपी मांगी जा रही है, जो नियमों के विपरीत है। इस वजह से शिक्षकों का वेतन निर्धारण लंबित है।
शिक्षकों का कहना है कि चयन वेतनमान का भुगतान न होना न केवल विभागीय लापरवाही को दर्शाता है, बल्कि इससे उनमें रोष भी बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का हवाला देते हुए ऑनलाइन व्यवस्था का सही अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
शिक्षक संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि अप्रैल माह के वेतन में चयन वेतनमान का लाभ नहीं जोड़ा गया, तो 6 मई 2026 को अपराह्न 2 बजे से वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय पर सैकड़ों शिक्षकों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस संबंध में महानिदेशक स्कूल शिक्षा, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।