-
सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नगरपालिका सभागार बाराबंकी में हुआ भव्य समारोह
बाराबंकी। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशकों के सम्मान में रविवार को नगरपालिका सभागार में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा रहे। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत, ईशान प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
अतिथियों ने अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय ₹9000 से ₹17000 के प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि अनुदेशकों का समर्पण और परिश्रम शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव है। मानदेय वृद्धि उनके सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और प्रदेश सरकार आगे भी उनके हित में कार्य करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं तथा विद्यालयों के इंफ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। साथ ही शिक्षकों से अपील की कि बच्चों में शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान, राष्ट्रप्रेम और नैतिक मूल्यों को भी विकसित करें।
कार्यक्रम के दौरान लोक भवन, लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय अनुदेशक सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में अनुदेशकों के धैर्य और समर्पण की सराहना करते हुए “पढ़े भारत–बढ़े भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने और हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि अनुदेशक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा शिक्षक समाज के लिए उनके दरवाजे सदैव खुले हैं। कार्यक्रम के अंत में अनुदेशक संगठन के जिलाध्यक्ष दिवाकर अवस्थी गांधी ने प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं पूर्व माध्यमिक अनुदेशक कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष रमाकांत और जिला उपाध्यक्ष शिव शंकर सिंह ने मानदेय वृद्धि पर प्रसन्नता जताते हुए अनुदेशकों को भविष्य में पूर्णकालिक शिक्षक बनाए जाने की आशा व्यक्त की।
समारोह में जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी, बीएसए नवीन कुमार पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी प्रताप सिंह, डीसी प्रशिक्षण विनीता मिश्रा, अमित कुमार, डॉ. पीयूष श्रीवास्तव, दिलीप तिवारी, सुरेन्द्र जायसवाल, ऋषि टंडन, मनीष बैषवार सहित बड़ी संख्या में अनुदेशक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।




