Friday, August 14, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSस्कूल में छात्र को सांप के डसने की घटना छिपाने पर बीएसए...

स्कूल में छात्र को सांप के डसने की घटना छिपाने पर बीएसए ने किया प्रधानाध्यापक को सस्पेंड

  • घायल छात्र का डॉ राम मनोहर लोहिया में चल रहा है अस्पताल

बाराबंकी। विकास खंड सिद्धौर के कंपोजिट विद्यालय कन्हवापुर में आठ वर्षीय छात्र रुद्र प्रताप सिंह को सांप के डसने की घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों से छिपाना प्रधानाध्यापक को भारी पड़ गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन पाठक ने प्रधानाध्यापक मोहम्मद खतीब को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी आराधना अवस्थी को सौंपी गई है।

गढ़ी मजरे कन्हवापुर निवासी राजू सिंह का आठ वर्षीय पुत्र रुद्र प्रताप मंगलवार को विद्यालय गया था। लंच के दौरान कक्षा में रखी सीमेंट की बोरी के पास सांप ने उसे डस लिया। छात्र ने शिक्षकों को इसकी जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय उसकी बहन के साथ घर भेज दिया गया। करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर घर पहुंचने के कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इसके बाद परिजन उसे लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

खंड शिक्षा अधिकारी आराधना अवस्थी ने अस्पताल पहुंचकर छात्र का हाल जाना और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। छात्र की मां ममता सिंह ने बताया कि रुद्र की हालत में अब कुछ सुधार है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना से करीब तीन दिन पहले विद्यालय में सांप निकल चुका था और शिक्षकों को इसकी जानकारी थी।

बीएसए नवीन पाठक ने बताया कि प्रधानाध्यापक ने करीब दो दिनों तक घटना की जानकारी छिपाए रखी। प्रथमदृष्टया लापरवाही सामने आने पर उन्हें निलंबित किया गया है। मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments