बाबा गुरुकुल एकेडमी में कौशल विकास योजना के तहत हुआ आयोजन, विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित
बाराबंकी। बाबा गुरुकुल एकेडमी में कौशल विकास योजना के तहत बाल हाट, साइंस एक्सपो और फन जोन का भव्य आयोजन किया गया। सीबीएसई के अनुभवात्मक एवं कौशल आधारित शिक्षण दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, उद्यमशीलता और व्यावहारिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
बाल हाट में विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए सजावटी मोमबत्ती, कैंडल होल्डर, ब्रेसलेट, रूमाल और टेबल कवर समेत विभिन्न उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, लाइट द कैंडल चैलेंज ने आयोजन में उत्साह बढ़ाया। चटोरी गली में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का लोगों ने आनंद लिया।
साइंस एक्सपो में विद्यार्थियों ने वर्किंग एटीएम मशीन, हाइड्रोलिक ब्रिज, ऊंचाई एवं दूरी के सूत्रों का व्यावहारिक प्रदर्शन और इकोसिस्टम मॉडल समेत कई आकर्षक वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए। इन परियोजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने कक्षा में सीखे गए वैज्ञानिक सिद्धांतों को वास्तविक जीवन में उपयोग करने की अपनी क्षमता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण ‘शेर-ए-बज्म’ सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। इसमें विद्यार्थियों ने कविता, गीत और खानपान के माध्यम से लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, मथुरा, झांसी और बाराबंकी की सांस्कृतिक विरासत, भाषा, परंपराओं और खानपान की विशेषताओं को प्रस्तुत किया। इसके जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन हरपाल सिंह, प्रबंध निदेशक मंदीप सिंह और प्रधानाचार्य सुप्रिया पांडे मौजूद रहीं। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता विवेक दीक्षित, विशिष्ट अतिथि पूनम दीक्षित तथा विशेष अतिथि पल्मोनरी मेडिसिन एवं क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. नंदिनी दीक्षित शामिल हुईं।
विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साइंस एक्सपो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए मैत्री सोनी को सम्मानित किया गया। एंकरिंग में राशि, अंशिका, अनन्या और यश जायसवाल, गायन में मयंक तथा विज्ञान प्रदर्शनी में इल्मा को पुरस्कार मिला। कॉमर्स प्रोजेक्ट के तहत एटीएम मशीन बनाने के लिए नितिन, कृष्णकांत और अनमोल सोनी, जबकि साइंस प्रोजेक्ट में हाइड्रोलिक ब्रिज बनाने के लिए सार्थक और इशानी को सम्मानित किया गया। नृत्य प्रस्तुति के लिए वेदांशी, अद्विका, प्राची, शुभांगी और प्रिया को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से सीखने, स्वतंत्र रूप से सोचने और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया। आयोजन के माध्यम से विद्यालय ने समग्र एवं कौशल आधारित शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।