बाराबंकी। उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 के अर्ह अभ्यर्थियों के अभिलेखों की संवीक्षा (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
रविवार को पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गोष्ठी की। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि अभ्यर्थियों के अभिलेखों की संवीक्षा में विशेष सतर्कता बरती जाए और पीएसटी के दौरान निर्धारित शारीरिक मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि किसी अभ्यर्थी को शिकायत का अवसर न मिले। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर आलोक पाठक, क्षेत्राधिकारी यातायात शक्ति सिंह, प्रतिसार निरीक्षक राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



