बाराबंकी। थाना मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में लूट के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट के दो मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त की रात थाना मोहम्मदपुर खाला पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कठोलिया पुल से छेदा रोड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान मोटरसाइकिल से जा रहे संदिग्ध युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही उसने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक फिसल गई। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर भेजा।
घायल आरोपी की पहचान दलबाग उर्फ सोनू पुत्र जसकरन, निवासी नाउनबाग मजरे टिकठा, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से लूट के दो मोबाइल फोन, अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना मोहम्मदपुर खाला तथा थाना रामनगर में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित था। आरोपी के खिलाफ सीतापुर के थाना रामपुर मथुरा में वर्ष 2019, 2024 और 2025 के विभिन्न मुकदमे भी दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।