पीड़िता की तहरीर पर देवा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरु की जांच
बाराबंकी। देवा कोतवाली क्षेत्र में एक भाजपा नेत्री ने एक व्यक्ति पर घर में घुसकर छेड़छाड़, अभद्रता और जानमाल की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर देवा पुलिस ने आरोपी युवक पर मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच शुरु कर दी है।
देवा पुलिस को तहरीर देकर भाजपा नेत्री ने बताया कि दो दिन पहले कस्बा के मोहल्ला कचेहरान निवासी सूरज पुत्र तेजी ने कुसंभा मेले में उसके साथ अभद्रता की थी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी की हरकतों को उसने परिवार के लोगों को बताया था। जिस पर परिवार के समक्ष युवक ने अपनी गलती मानते हुए दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का आश्वासन दिया था जिसके आधार पर सुलह समझौता भी हो गया था।
घर में घुस कर छेड़छाड़
पीड़िता का आरोप है कि 19 अगस्त की शाम वह घर पर बच्चों के साथ अकेली थी, इसी दौरान रंजिशन सूरज उसके घर में घुस आया और उसके साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता के अनुसार उसने आरोपी को धक्का देकर शोर मचाया तो मोहल्ले के लोगों को आता देख आरोपी गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़िता के अनुसार आरोपी एक दबंग व अपराधिक प्रवृत्ति का है, जिससे वह काफी भयभीत है। पीड़िता की तहरीर पर देवा पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि महिला की तहरीर पर मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।